Sunday, 28 February 2016

आज बरेली में किसानों से 'मन की बात' करेंगे प्रधानमंत्री मोदी


 
लखनऊ। आमतौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेडियो पर मन की बात लोगों तक पहुंचाते हैं। पर रविवार यानि आज नजारा इसके उलट होगा। कुदरत की मार झेल रहे किसानों से वे बरेली में सीधे 'मन की बात' करेंगे। किसान कल्याण रैली के जरिये उनका दर्द साझा करेंगे। महत्वाकांक्षी फसल बीमा समेत अन्य योजनाओं के फायदे गिनाकर ज्यादा लाभ लेने के लिए प्रेरित भी करेंगे। राजनीति के गलियारों में चर्चा है कि इस बहाने प्रधानमंत्री अप्रत्यक्ष रूप से प्रदेश में मिशन-2017 का बिगुल भी फूंक देंगे। रैली में पश्चिमी उप्र के 21 जिलों से करीब पांच लाख किसान जुटने की संभावना है। कार्यक्रम के लिए भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसपीजी ने भी रैली स्थल पर डेरा डाल दिया है।
पढ़ें: विपक्ष भी मेरे ऊपर घोटाले का एक भी आरोप नहीं लगा पाया-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देश में चार किसान कल्याण रैली प्रस्तावित थीं। मध्य प्रदेश, उड़ीसा, कर्नाटक के बाद उप्र के बरेली में रैली अंतिम पड़ाव है। किसान बेल्ट होने के कारण भाजपा ने पश्चिम उप्र को रैली के लिए चुना है। पार्टी की कोशिश है, प्रधानमंत्री पिछले साल सूखे के कारण बर्बादी झेल चुके किसानों से सीधे रूबरू हो सकें। बता सकें कि केंद्र सरकार उनके लिए क्या कर रही है। इस बहाने उनके निशाने पर सपा खासतौर से होगी, जिसने किसानों के मुद्दे पर जमकर सियासत की।
अगवानी को पहुंचेंगे राजनाथ
प्रधानमंत्री दोपहर 12.05 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से एयरफोर्स के बीबीजे विमान से त्रिशूल एयरबेस 12.55 बजे पहुंचेंगे। यहां उनका स्वागत केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह करेंगे। ठीक डेढ़ बजे मोदी रैली को एक घंटा संबोधित करेंगे। मंच पर राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री संजीव बालियान, बाल विकास एवं महिला कल्याण मंत्री मेनका गांधी, केंद्रीय कपड़ा मंत्री संतोष गंगवार, प्रदेश प्रभारी ओम माथुर, प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी, रैली संयोजक एवं प्रांतीय महामंत्री धर्मपाल सिंह, प्रांतीय कोषाध्यक्ष एवं कैंट विधायक राजेश अग्रवाल रहेंगे। ढाई बजे नरेंद्र मोदी रैली स्थल से त्रिशूल एयरबेस को रवाना होंगे और ठीक चार बजे दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
पढ़ें: मोदी की सुरक्षा का तैयार हो रहा प्लान
मिनट टू मिनट कार्यक्रम
  • 12.05- दिल्ली एयरपोर्ट से एयरफोर्स के बीबीजे विमान से बरेली को रवाना।
  • 12.55- त्रिशूल एयरबेस पर लैंडिंग।
  • 1.00- एयरबेस से हेलीकॉप्टर से फतेहगंज पश्चिमी हेलीपैड को रवाना।
  • 1.20- फतेहगंज पश्चिमी हेलीपैड पर लैंडिंग।
  • 1.25- हेलीपैड से कार से कार्यक्रम स्थल को रवानगी।
  • 1.30- 02.30- सभा स्थल पर संबोधन।
  • 2.35- हेलीपैड से कार।
  • 2.45- फतेहगंज पश्चिमी हेलीपैड से एमआइ हेलीकॉप्टर से त्रिशूल एयरबेस।
  • 3.05- त्रिशूल एयरबेस पर लैंडिंग।
  • 3.10- एयरफोर्स के विमान से रवानगी।
  • 4.00- दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंडिंग

No comments:

Post a Comment